सोलर प्लांट से 3000 मीटर केबल चोरी का पर्दाफाश, तीन जिलों में फैला गिरोह बेनकाब, आरोपी हिरासत में

बुधनी में सोलर प्लांट से हजारों मीटर केबल चोरी के मामले में पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से भारी मात्रा में सोलर केबल और तांबे के तार बरामद किए हैं। आरोपियों ने पूछताछ में तीन जिलों में केबल चोरी की वारदात करना स्वीकार किया है।

हरित ऊर्जा के क्षेत्र में देश की प्रगति को निशाना बनाते हुए चोरों ने बुधनी में सोलर प्लांट से हजारों मीटर केबल काट डाली। 19 और 20 दिसंबर की दरम्यानी रात हुई यह वारदात केवल चोरी नहीं, बल्कि देश के भविष्य पर सीधा प्रहार थी। महंगी सोलर केबल काटकर ले जाना न केवल आर्थिक नुकसान है, बल्कि ऊर्जा सुरक्षा को भी चुनौती देता है।कंपनी के अधिकारी नितिन मल्होत्रा ने 20 दिसंबर को थाना बुधनी में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि सोलर प्लांट से लगभग 3000 मीटर केबल चोरी हो गई है। रिपोर्ट पर बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला ने घटना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल विशेष टीमों के गठन के निर्देश दिए।एसडीओपी बुधनी रवि शर्मा ने बताया कि घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया और सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी इनपुट और मुखबिर तंत्र के आधार पर एक संदिग्ध कार सामने आई। जांच में कार का रजिस्ट्रेशन भोपाल के ईंटखेड़ी निवासी साजिद खान के नाम पर पाया गया, जिसने पूरे मामले की दिशा बदल दी। पुलिस ने साजिद खान को हिरासत में लेकर जब सख्ती से पूछताछ की तो उसने अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी की वारदात करना स्वीकार कर लिया। उसकी निशानदेही पर साथी आरोपी इसरार उर्फ भूरा को भी गिरफ्तार किया गया। आरोपियों ने कबूल किया कि वे लग्जरी कार से रात के समय सोलर प्लांट पहुंचते थे और केबल काटकर भोपाल ले जाते थे।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top