आष्टा में रात दो बजे से हो रही मूसलाधार बारिश ने कहर ढा दिया। नदियां उफान पर हैं और खेतों से लेकर दुकानों तक पानी ही पानी नजर आ रहा है। पुराने बस स्टैंड क्षेत्र की 20 से ज्यादा दुकानों में पानी घुस गया। जनप्रतिनिधियों की अनदेखी से लोगों में गुस्सा है।सीहोर के आष्टा ब्लॉक में शनिवार तड़के शुरू हुई मूसलाधार बारिश ने नगर और ग्रामीण अंचल को पूरी तरह संकट में डाल दिया। तड़के दो बजे शुरू हुई बारिश सुबह आठ बजे तक लगातार होती रही, जिससे नगर में 39 मिमी वर्षा दर्ज की गई। इस तेज बारिश ने जहां शहर के प्रमुख बाजारों को जलमग्न कर दिया, वहीं किसानों की खड़ी फसलें पानी में डूब गईं। पार्वती, पपनास, नेवज और दूधी नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है, जिससे बाढ़ का खतरा और गहरा गया है। बाजारों में पानी, व्यापारियों को भारी नुकसानजानकारी के मुताबिक, नगर के पुराने बस स्टैंड, बुधवारा और परदेसीपुरा क्षेत्र की करीब 20 दुकानों में बारिश का पानी घुस गया। दुकानदार राकेश जैन और इमरान कुरैशी ने नाराजगी जताते हुए बताया कि कुछ ही दिन पहले ऐसी ही स्थिति बनी थी, लेकिन नगर पालिका ने कोई पुख्ता इंतजाम नहीं किया। दुकानों में रखे कपड़े, राशन, और इलेक्ट्रॉनिक सामान पूरी तरह भीग गया है। दुकानदारों का कहना है कि हर साल उन्हें इसी तरह नुकसान उठाना पड़ता है और प्रशासनिक लापरवाही उनके व्यवसाय को लगातार चोट पहुंचा रही है।

