शनिवार देर रात हुए हादसे में इछावर की ओर से आ रही बोलेरो पिकअप तेज रफ्तार में अनियंत्रित होकर ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

भैरुंदा-सीहोर मुख्य मार्ग पर ग्राम सिंहपुर के पास शनिवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। रात करीब 11:30 बजे एक तेज रफ्तार बोलेरो पिकअप सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। हादसे में दो दोस्तों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पिकअप में लदी भैंस भी मारी गई।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक सड़क किनारे खड़ा था। इछावर की ओर से आ रही बोलेरो पिकअप तेज रफ्तार में अनियंत्रित होकर ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी। टक्कर इतनी तेज थी कि पिकअप पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और ट्रक कुछ दूरी तक खिसक गया।
पिकअप में सवार अजय बारेला निवासी ग्राम सिराली और सीताराम निवासी ग्राम कुरी की मौके पर ही मौत हो गई। साथ ही पिकअप में लादकर ले जाई जा रही भैंस भी हादसे में मारी गई। पिकअप चालक हालांकि घायल तो नहीं हुआ लेकिन सदमे में था। सूचना मिलने पर लाड़कुई चौकी पुलिस और भैरुंदा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और ग्रामीणों ने जेसीबी की मदद से दोनों शवों को बाहर निकाला।घटना के बाद शवों को भैरुंदा सिविल अस्पताल भेजा गया, जहां पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। दोनों मृतक परिवार के युवा सदस्य थे। हादसे के बाद गांव सिराली और कुरी में शोक का माहौल है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है और दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को थाने में जब्त किया गया है।
